Breaking News
Home / Poll / ओवरडोज़ को होने से रोकना ही हमारा लक्ष्य :सुनील यादव

ओवरडोज़ को होने से रोकना ही हमारा लक्ष्य :सुनील यादव


 

अंतरराष्ट्रीय ओवरडोज़ जागरूकता दिवस की 25वी वर्षगांठ मनाई

दवा की मात्रा और दवा लेने का सही तरीका समझना आवश्यक

 

इस अवसर पर की गई जन-जागरूकता अभियान चलाने की अपील

लखनऊ दवाओं का ओवरडोज एक बड़ी आकस्मिकता हो सकती है, इस पर जागरूकता आवश्यक है । अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 25वाँ ओवरडोज़ जागरूकता दिवस सोमवार को मनाया गया ।

 

इस वर्ष इस दिवस की 25वीं वर्षगांठ है । इस वर्ष की थीम 25 Years On. Still Needed.”

“25 वर्ष बाद भी इसकी आवश्यकता बनी हुई है” इसके महत्व और जागरूकता की आवश्यकता को दर्शाता है ।

 

इस अवसर पर फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष, पूर्व चेयरमैन स्टेट फार्मेसी काउंसिल सुनील यादव ने आमजन, स्वास्थ्यकर्मियों और विशेष रूप से फार्मासिस्टों से दवाओं के ओवरडोज से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की अपील की है।

 

सुनील यादव ने कहा कि ओवरडोज़ को केवल नशीले पदार्थों के सेवन से जोड़कर देखना उचित नहीं है। चिकित्सकीय दवाओं की गलत मात्रा, एक से अधिक दवाओं का असावधानीपूर्वक सेवन, दवाओं के बीच हानिकारक पारस्परिक प्रभाव, एक ही औषधीय घटक वाली अलग-अलग दवाओं का दोहराव, बच्चों द्वारा गलती से दवा खा लेना तथा बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा की मात्रा बढ़ा देना भी गंभीर विषाक्तता और ओवरडोज़ का कारण बन सकता है।

 

उन्होंने कहा कि एक दवा सही व्यक्ति को, सही मात्रा में और सही तरीके से दी जाए तो जीवनरक्षक हो सकती है; लेकिन वही दवा गलत मात्रा या गलत तरीके से ली जाए तो जीवन के लिए खतरा बन सकती है।

 

उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपने घर में रखी दवाओं की समय-समय पर समीक्षा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार के प्रत्येक सदस्य को यह जानकारी होनी चाहिए कि कौन-सी दवा किस व्यक्ति के लिए है, उसकी मात्रा कितनी है, दिन में कितनी बार लेनी है तथा उसे कितने समय तक लेना है।

 

विशेष रूप से बच्चों की पहुंच से दवाओं को दूर रखने, बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा की मात्रा में परिवर्तन न करने तथा अलग-अलग चिकित्सकों द्वारा लिखी गई दवाओं के बारे में चिकित्सक अथवा फार्मासिस्ट को पूरी जानकारी देने की आवश्यकता है।

 

सुनील यादव ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के अत्यधिक दवा अथवा नशीले पदार्थ के सेवन की आशंका हो और वह बेहोश हो अथवा सामान्य रूप से सांस न ले रहा हो, तो उसे केवल नशे में समझकर सोने के लिए छोड़ देना खतरनाक हो सकता है।

 

ऐसी स्थिति को चिकित्सकीय आपातस्थिति मानते हुए तत्काल आपात चिकित्सा सहायता प्राप्त करनी चाहिए। आवश्यकता के अनुसार प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता एवं हृदय-फेफड़ा पुनर्जीवन (सीपीआर) दिया जाना चाहिए। कुछ विशेष परिस्थितियों में, विशेषकर अफीम वर्ग की औषधियों के अत्यधिक सेवन में, नालोक्सोन जीवनरक्षक औषधि के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।ओवरडोज़ की रोकथाम में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

 

सुनील यादव ने कहा कि फार्मासिस्ट की भूमिका केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। फार्मासिस्ट को यह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए कि रोगी सही दवा, सही मात्रा और सही तरीके से ले रहा है।

उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट को रोगी से यह भी पूछना चाहिए कि वह पहले से कौन-कौन सी दवाएं ले रहा है, कहीं एक ही औषधीय घटक वाली दो दवाएं तो नहीं चल रही हैं तथा दूसरी दवाओं के साथ किसी हानिकारक पारस्परिक प्रभाव की संभावना तो नहीं है।

उन्होंने कहा कि दवा से होने वाली प्रतिकूल घटनाओं, औषधीय त्रुटियों, दवा की गलत मात्रा, दवाओं के पारस्परिक प्रभाव तथा दवाओं के अनुचित उपयोग से होने वाले नुकसान को केवल व्यक्तिगत गलती मानकर छोड़ना उचित नहीं है।

हर ऐसी घटना हमें यह सोचने का अवसर देती है कि गलती कहां हुई, दवा लिखने में, दवा देने में, रोगी को समझाने में, दवा के रख-रखाव में या स्वास्थ्यकर्मियों के बीच संवाद में

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से सीखकर स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है।

रोकथाम, पहचान और तत्काल सहायता—तीन सूत्र

अंतरराष्ट्रीय ओवरडोज़ जागरूकता दिवस के अवसर पर उन्होंने तीन सूत्र अपनाने की अपील की—

रोकथाम करें — दवाओं और नशीले पदार्थों के असुरक्षित उपयोग से बचें।

पहचानें — ओवरडोज़ के खतरनाक लक्षणों को समय रहते पहचानें।

तत्काल सहायता दें — आपात चिकित्सा सहायता प्राप्त करें और आवश्यक जीवनरक्षक उपाय शुरू करें।

उन्होंने कहा कि ओवरडोज़ से प्रभावित व्यक्ति और उसके परिवार को दोष, उपेक्षा और सामाजिक कलंक की नहीं, बल्कि सम्मान, उपचार, सहयोग और संवेदनशीलता की आवश्यकता होती है।

सुनील यादव ने इस अवसर पर कहा कि अस्पतालों, औषधालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा समुदायों में दवा सुरक्षा, तर्कसंगत औषधि उपयोग, ओवरडोज़ की पहचान, प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता और आपातकालीन प्रतिक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया और कहा।

“हमारा लक्ष्य केवल ओवरडोज़ का उपचार करना नहीं होना चाहिए; हमारा लक्ष्य ओवरडोज़ को होने से रोकना होना चाहिए।

उन्होंने आमजन और स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि अंतरराष्ट्रीय ओवरडोज़ जागरूकता दिवस को केवल एक दिन का कार्यक्रम न बनाकर निरंतर दवा-सुरक्षा एवं जीवनरक्षा जन-अभियान का रूप दिया जाए।

About Adap News

Check Also

पत्रकार की कलम को भयमुक्त वातावरण और सम्मान मिलना जरूरी – अशोक वानखेड़े

🔊 पोस्ट को सुनें   जालना, महाराष्ट्र इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में मातोश्री लान्स …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Best WordPress Expert Digital Nisar