प्रांकुर कुमार एवं काव्या एडवोकेट हाई कोर्ट विधिक सलाहकार नामित
लखनऊ यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन को संगठनात्मक एवं विधिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए फेडरेशन ने प्रांकुर कुमार यादव एवं काव्या तिवारी, एडवोकेट हाई कोर्ट को फेडरेशन का विधिक सलाहकार (Legal Advisor) नामित किया है। दोनों विधि विशेषज्ञों को फेडरेशन की ओर से समस्त न्यायालय संबंधी मामलों, विधिक परामर्श एवं आवश्यक कानूनी कार्यवाहियों के लिए अधिकृत किया गया है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन के विस्तार के साथ-साथ विभिन्न प्रशासनिक एवं विधिक विषयों पर प्रभावी और विशेषज्ञ मार्गदर्शन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। प्रांकुर कुमार एवं काव्या के विधिक अनुभव एवं विशेषज्ञता से फेडरेशन को अपने सदस्यों के हितों से जुड़े विषयों में मजबूत कानूनी सहयोग प्राप्त होगा।
इसी क्रम में लोकबंधु चिकित्सालय, लखनऊ के सुमित को सर्वसम्मति से यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन, लखनऊ के नए जिलाध्यक्ष के रूप में नामित किया गया है। इसके साथ ही सुमित को यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन की प्रांतीय कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
फेडरेशन ने विश्वास व्यक्त किया कि सुमित के नेतृत्व में लखनऊ जनपद में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा युवा फार्मासिस्टों को संगठित करने, उनके व्यावसायिक हितों एवं अधिकारों के लिए कार्य करने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
इस अवसर पर जनपद सचिव धीरेंद्र, प्रांतीय संरक्षक उपेंद्र, संविदा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन एवं फेडरेशन के उपाध्यक्ष प्रवीण यादव, यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष आदेश कृष्ण, महासचिव देवेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री राम सरन, उपाध्यक्ष श्री अवधेश, सचिव अजीत, यूथ विंग की प्रदेश अध्यक्ष अनुराधा सहित अनेक पदाधिकारी एवं फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े साथी उपस्थित रहे।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने नव नामित विधिक सलाहकारों प्रांकुर कुमार यादव एवं काव्या तिवारी तथा लखनऊ जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष सुमित को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस अवसर पर फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए विधिक विशेषज्ञता और युवा नेतृत्व दोनों अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रांकुर कुमार एवं काव्या के विधिक मार्गदर्शन तथा सुमित एवं धीरेंद्र के संगठनात्मक नेतृत्व से यूथ फार्मेसिस्ट फेडरेशन लखनऊ एवं प्रदेश में नई गति प्राप्त करेगा।फेडरेशन की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष सुनील यादव ने आशा व्यक्त की कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए फार्मासिस्ट समुदाय के हितों, सम्मान एवं अधिकारों की आवाज को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
ADAPNEWS.IN Online News Portal