गोरखपुर, उत्तर प्रदेश दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया (भारतीय बौद्ध महासभा) की जिला इकाई गोरखपुर के तत्वावधान में गुरुवार, 26 नवंबर को अलवापुर स्थित संत रविदास मंदिर में 77वां संविधान दिवस एवं सम्मान समारोह हर्षोल्लास, गरिमामय वातावरण और सामाजिक चेतना के संदेश के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्वानों, सामाजिक चिंतकों, बौद्ध अनुयायियों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। समारोह का मुख्य उद्देश्य भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक आदर्शों, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना रहा कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे पूज्य भंते विमल कीर्ति महास्थविर, कुशीनगर द्वारा त्रिशरण एवं पंचशील के माध्यम से किया गया। उपस्थित लोगों ने भगवान बुद्ध के बताए शांति, करुणा, मैत्री, प्रज्ञा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इसके उपरांत अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिला रविदास महासभा के अध्यक्ष सुरेश प्रसाद ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। भारत के संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इं. एच. डी. भास्कर, ट्रस्टी एवं प्रभारी उत्तर भारत, दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया तथा मुख्य वक्ता के रूप में सुरेंद्र प्रताप सिंह, सहायक नगर आयुक्त गोरखपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सतीश चंद्र बौद्ध ने की तथा संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ अनिल कुमार गौतम केन्द्रीय मिडिया सदस्य बीएसआई ने किया।
मुख्य अतिथि इं. एच. डी. भास्कर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान, स्वतंत्रता, समानता और अधिकारों की सुरक्षा का मजबूत आधार है। संविधान ने सदियों से वंचित, शोषित और उपेक्षित समाज को सम्मान के साथ जीवन जीने, शिक्षा प्राप्त करने, अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने तथा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में समान भागीदारी का अवसर प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भगवान बुद्ध के ज्ञान, करुणा, समता, तर्कशीलता और मानवतावादी दर्शन से गहरी प्रेरणा ग्रहण की। बुद्ध के विचारों में निहित समानता और बंधुत्व की भावना बाबा साहब के सामाजिक चिंतन का महत्वपूर्ण आधार बनी। इसी व्यापक मानवीय दृष्टिकोण और आधुनिक लोकतांत्रिक सिद्धांतों के अनुरूप उन्होंने संविधान निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। संविधान की परिकल्पना का मूल उद्देश्य ऐसा भारत बनाना था, जहां किसी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, भाषा, लिंग अथवा सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो।
मुख्य वक्ता सुरेंद्र प्रताप सिंह, सहायक नगर आयुक्त गोरखपुर ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। यह हमें केवल अधिकार ही नहीं देता, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी देता है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक पहचान हैं। इन मूल्यों को केवल पुस्तकों और भाषणों तक सीमित रखने के बजाय अपने व्यवहार, सामाजिक जीवन और सार्वजनिक कार्यों में उतारना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संविधान के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होगा और दूसरे व्यक्ति के अधिकारों का भी सम्मान करेगा। जातिगत भेदभाव, सामाजिक असमानता, धार्मिक कट्टरता और आपसी वैमनस्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करते हैं। इसलिए हमें आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करना होगा।
कार्यक्रम के अध्यक्ष सतीश चंद्र बौद्ध ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि संविधान दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन करने और अपने सामाजिक दायित्वों को समझने का दिन है। हमें विचार करना होगा कि स्वतंत्रता के इतने वर्षों बाद भी समाज के कमजोर, वंचित और शोषित वर्गों तक समान अवसर, शिक्षा, सम्मान और न्याय का लाभ किस सीमा तक पहुंच पाया है। बाबा साहब ने जिस समतामूलक समाज की कल्पना की थी, उसे धरातल पर उतारने के लिए अभी बहुत कार्य करना शेष है। उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम समाज सहित सभी वंचित एवं कमजोर वर्गों को शिक्षा, संगठन, सामाजिक जागरूकता और आर्थिक मजबूती के माध्यम से अपनी स्थिति सुदृढ़ करनी होगी।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट हस्तियों को “संविधान मैत्री अवार्ड” सार्टिफिकेट और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक सेवा, शिक्षा, पत्रकारिता, मानवाधिकार, बौद्ध दर्शन और जनजागरण के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों के कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजेश आर्या संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़, पारस नाथ उप शिक्षा उद्यान गोरखपुर, पत्रकार सेराज अहमद कुरैशी, राष्ट्रीय अध्यक्ष इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, इं. रामनयन भारती, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अनिल गौतम तथा इं. अरविंद भास्कर, एस. पी. गौतम, सुरेन्द्र भारती पूर्व पार्षद, डाॅ. आर. सी. चौधरी, ई. भागीरथी प्रसाद भारती, अमर सिंह दिल्ली सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी सम्बोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार दिया है। इसकी रक्षा करना किसी एक व्यक्ति, संस्था या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र का दायित्व है। भगवान बुद्ध की करुणा, बाबा साहब अंबेडकर की सामाजिक न्याय की विचारधारा और संविधान के लोकतांत्रिक आदर्शों को एक साथ आत्मसात करके ही एक सशक्त, समतामूलक और समरस भारत का निर्माण किया जा सकता है।समारोह का समापन संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल्यों को जीवन में अपनाने, सामाजिक भेदभाव समाप्त करने, शिक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग रहने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ इस संविधान सभा में आशुतोष कुमार, अरविन्द कुमार, सुरजू प्रसाद, सतीश भारती एडवोकेट, पशुपति नाथ रविकुल, ई. रितु राज, राजकुमार, रामयश, गब्बूलाल, रामजन्म, सिकन्दर, दयानंद, रितुश्री सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
ADAPNEWS.IN Online News Portal