प्रयागराज, कमला नेहरू इलेक्ट्रो होम्योपैथिक इंस्टीट्यूट, रामबाग, प्रयागराज में आयोजित दो दिवसीय एडवांस इलेक्ट्रो होम्योपैथिक सीएमई (कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन) का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए इलेक्ट्रो होम्योपैथिक चिकित्सकों ने सहभागिता कर अपने ज्ञान एवं व्यावहारिक अनुभवों का आदान-प्रदान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशिक्षक डॉ. एस. आर. द्विवेदी ने विभिन्न रोगों के लक्षणों, निदान एवं रोग-निर्धारण की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी विस्तारपूर्वक प्रदान की। वहीं ओडिशा से पधारे प्रशिक्षक डॉ. लालतेंदु दलाई ने विभिन्न रोगों के उपचार में उपयुक्त औषधियों के चयन, उनके प्रभावी उपयोग तथा चिकित्सकीय अनुभवों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित चिकित्सकों ने भी अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए इलेक्ट्रो होम्योपैथी की प्रभावशीलता पर विचार-विमर्श किया।
संस्थान के निदेशक डॉ. प्रमोद शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सकों का दायित्व केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने चिकित्सकों से इलेक्ट्रो होम्योपैथी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि “सरकारी मान्यता से अधिक महत्वपूर्ण जनता की मान्यता है, और यह केवल निष्ठापूर्वक जनसेवा एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा के माध्यम से ही प्राप्त की जा सकती है।”
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागी चिकित्सकों को प्रमाणपत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को चिकित्सा ज्ञान के विस्तार के लिए उपयोगी बताया। इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मी प्रिया सुतार, डॉ. सुशील, डॉ. श्याम देव, डॉ. शैलेन्द्र, डॉ. संजीव, डॉ. लोरिक, डॉ. प्रगति, डॉ. रंजना, डॉ. हेमंत, डॉ. प्रमोद, डॉ. जावेद, डॉ. सूर्य प्रकाश, डॉ. पी. एन. सहित अनेक चिकित्सक एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
ADAPNEWS.IN Online News Portal