Breaking News
Home / Poll / स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा  हाशिम रिज़वी

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा  हाशिम रिज़वी


 

पत्रकारों ने शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन।

सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजेए) की डुमरियागंज तहसील इकाई के कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यालय परिसर में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ तिरंगा फहराकर की गई। इसके बाद उपस्थित पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

ध्वजारोहण के पश्चात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान ‘स्वतंत्रता संग्राम में सेनानियों का महत्व एवं जंग-ए-आजादी का इतिहास’ विषय पर विचार-विमर्श भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजेए के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्वांचल एवं वरिष्ठ पत्रकार हाशिम रिज़वी ने कहा कि भारत की आजादी किसी एक व्यक्ति या वर्ग के प्रयासों का परिणाम नहीं, बल्कि असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, तपस्या, संघर्ष और बलिदान का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आजाद भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे उन वीर सेनानियों की कुर्बानियां हैं जिन्होंने अपने परिवार, सुख-सुविधाओं और यहां तक कि अपने प्राणों की भी परवाह नहीं की।

हाशिम रिज़वी ने कहा, “स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का त्याग और बलिदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। आजादी की कीमत को समझना और आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता आंदोलन का इतिहास बताना हम सभी की जिम्मेदारी है। पत्रकार समाज का जागरूक प्रहरी है, इसलिए पत्रकारों का दायित्व है कि वे देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।”

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने और उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का दिन भी है। हमें जाति, धर्म और भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।

आईजेए तहसील अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे मजबूत और समृद्ध बनाने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी की है। उन्होंने कहा, “आजादी हमें बहुत बड़े संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। इसलिए हमें इसकी गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए देश की एकता और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए। पत्रकारों को समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सत्य, निष्पक्षता और जनहित को अपनी पत्रकारिता का आधार बनाना चाहिए।”

राजेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से समाज के दबे-कुचले और जरूरतमंद लोगों की आवाज को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में आईजेए प्रदेश सचिव विजय यादव, तहसील अध्यक्ष राजेश यादव, संरक्षक डॉ. विक्रांत श्रीवास्तव, तहसील महामंत्री शैलेंद्र दूबे, मोहम्मद इस्माइल, प्रमोद श्रीवास्तव, गणेश अग्रहरि, मोहम्मद शाहिद, देवानंद पाठक, सफायत अली, सच्चिदानंद मिश्र, सूरज गुप्ता, विनोद यादव, आदित्य विक्रम सिंह रिनकू सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रहित के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

About Adap News

Check Also

विजय प्रताप सिंह एडवोकेट की कई वर्षों की कड़ी मेहनत लाई रंग बदहाल इस्पात नगर के विकास हेतु KDA ने 54 करोड़ का किया टेंडर

🔊 पोस्ट को सुनें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Best WordPress Expert Digital Nisar